– शौचालयों का निर्माण नहीं होने पर जताई नाराजगी
जयपुर। स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि हम सबको मिलकर जयपुर शहर की सुंदरता को बरकरार रखना है। इसके लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। कृपलानी यहां जयपुर नगर निगम मुख्यालय में कर्मचारी ट्रेड यूनियन, की ओर से आयोजित अभिनन्दन एवं स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वार्डो को खुले में शौच मुक्त नहीं करने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि अगर नगर निगम के कर्मचारी ठान लें तो जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनने से कोई नहीं रोक सकता। महापौर अशोक लाहोटी ने कहा कि हमें टीम के रूप में मिलकर काम करना होगा। नगर निगम के कर्मचारियों की हर जरूरत का पूरा खयाल रखा जाएगा। हम सबको मिलकर अपने दायित्वों का भी पूरी सजगता से निर्वहन करना है। कर्मचारी ट्रेड यूनियन की अध्यक्ष कोमल यादव ने कहा कि नगर निगम के सभी कर्मचारी पूरी लगन के साथ अपना कार्य पूर्ण कर रहे हैं। नगर निगम के कर्मचारियों की कई वर्षो से लंबित पड़ी आवासीय योजना को क्रियान्वित किया जाए। हम चाहते हैं कि निगम हित में हमारी लंबित मांगों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर कर्मचारी ट्रेड यूनियन के महामंत्री जाहिद अली सिद्दिकी ने स्वायत्त शासन मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कोषाध्यक्ष किशन सिंह ने स्वायत्त शासन मंत्री को स्मृति चिह्व भेंट किया और महापौर और स्वायत्त शासन मंत्री का आभार प्रकट किया। सफाई कर्मचारी सुरेश डाबोडिया ने स्वच्छ भारत मिशन पर लिखी कविता को स्वायत्त शासन मंत्री को भेंट की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उपमहापौर मनोज भारद्वाज रहे।

Trends is an amazing magazine Blogger theme that is easy to customize and change to fit your needs.