लखनऊ। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबन्धन को महागठबन्धन बताया है। उन्होंने कहा कि हमने बिहार से भाजपा को उखाड़ फेंक दिया है और अब उत्तर प्रदेश में महागठबन्धन को भारी सीटें मिलेंगी। लालू प्रसाद ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का नहीं, देश का चुनाव है। उन्होंने चुनाव के नतीजों के बाद एक बार फिर अखिलेश यादव के हाथ में सत्ता में आने का दावा किया।
राजद अध्यक्ष यूपी में सपा और कांग्रेस गठबन्धन के प्रत्याशियों के प्रचार के लिए पहुंचे हैं। वह कल अमेठी और रायबरेली में पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनता से वोट की अपील करेंगे। इससे पहले उन्होंने यहां कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी और उन्हें बीच में ही अपना प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है। लालू प्रसाद ने पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर चुनाव में फूहड़ और गन्दी बातें बोलने का आरोप लगाया और कहा कि यह दुर्भाग्य है।
उन्होंने भाजपा चुनाव में बेहद घटिया राजनीति पर उतरने का भी आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी स्तर पर जाने को तैयार है। राजद अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में धर्म को सियासत में ला रही है। उन्होंने पार्टी पर भाई को भाई से लड़ने का भी आरोप लगाया। लालू प्रसाद ने कहा कि भाजपा के दौर में पहले तो दीनदयाल की हत्या हुई और अब अटल बिहारी मरणासन्न पर हैं। इसके बाद भी हम हम देश के टुकड़े-टुकड़े नहीं होने देंगे।
उन्होंने पीएम मोदी पर अपने सारे मंत्रियों के मंत्रालय से सम्बन्धित फैसले लेने का भी आरोप लगाया। लालू ने कहा कि कहने को लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह केन्द्रीय गृह मंत्री हैं, लेकिन उनके महकमे के भी सारे निर्णय पीएम मोदी और उनके गुर्गे कर रहे हैं। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद लगातार पीएम मोदी पर हमला बोल रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर उनके सियासी तंज और भी तेज हो रहे हैं। बीते दिनों वह प्रधानमंत्री पर ट्वीट को लेकर एक बार फिर चर्चाआें में आये थे, जिसमें उन्होंने किसी का नाम लिए बिना ट्वीट कर लिखा, पंजाब में खून का बेटा और उत्तर प्रदेश में दत्तक पुत्र! गजब है रे भाई..इतना मत हंसाओ! वहीं अब वह यूपी में सपा और कांग्रेस के लिए प्रचार में जुटते नजर आ रहे हैं।

Trends is an amazing magazine Blogger theme that is easy to customize and change to fit your needs.